राजगढ़। लाडली बहनों को लेकर विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहे मंत्री करण सिंह वर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं, इस बार उन्होंने मध्य प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों को लेकर भ्रष्टाचार पर ऐसा बयान दे दिया जिसने प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
राजगढ़ जिले के दौरे के दौरान राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी और कर्मचारियों के स्तर पर कहीं न कहीं भ्रष्टाचार मौजूद है और इसे बेहद सामान्य बताते हुए उन्होंने कहा कि थोड़ा-बहुत भ्रष्टाचार हर जगह होता है।
मंत्री ने आगे कहा कि किसी भ्रष्ट व्यक्ति को चाहे मंत्री बना दो, इंजीनियर बना दो, तहसीलदार बना दो या किसी भी पद पर बैठा दो, वह भ्रष्टाचार किए बिना नहीं मानता, इस बयान के बाद उनके शब्दों को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलकों में बहस तेज हो गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले मंत्री करण सिंह वर्मा लाडली बहना योजना को लेकर दिए गए अपने बयान को लेकर भी विवादों में रह चुके हैं, जहां उन्होंने खुले मंच से हितग्राहियों के नाम काटने की बात कही थी, जिस पर भी काफी बवाल हुआ था।

