‘सॉरी पापा, अब मैं और…’, JEE की तैयारी कर रहे छात्र की संदिग्ध मौत

प्रयागराज। जिले में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम यानी JEE की तैयारी कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव उसके किराए के कमरे में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला। साथ रहने वाले छात्रों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय कुलदीप विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो हमीरपुर का रहने वाला था। कुलदीप पिछले एक साल से प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी इलाके में रहकर JEE की तैयारी कर रहा था। पुलिस यह जांच कर रही है कि उस पर परीक्षा का दबाव था या किसी और वजह से वह तनाव में था।

छानबीन के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर पढ़ाई और परीक्षा के दबाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। छात्र की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन प्रयागराज पहुंचे, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *