ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के अड्डे पर छापा मारा और करीब 2 लाख 90 हजार रुपये के साथ 10 लोगों को गिरफ्तार किया। हैरानी की बात यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में दो Special Armed Forces के जवान भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इन जवानों ने बटालियन के खंडहरनुमा सरकारी क्वार्टर को ही जुआ खेलने का अड्डा बना रखा था, जहां नियमित रूप से दांव लगाए जा रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने SAF की द्वितीय वाहिनी के पुराने आवास परिसर में दबिश दी, जहां 52 परियों पर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों को पकड़कर कंपू थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में द्वितीय वाहिनी के आरक्षक धीरेन्द्र सिंह और 13वीं वाहिनी के आरक्षक मलखान सिंह सहित कुल 10 लोग शामिल हैं, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस कार्रवाई के बाद संबंधित आरक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया गया है, वहीं दूसरे जवान की जानकारी उसके कमांडेंट को भेज दी गई है।
पुलिस ने मौके से 2 लाख 90 हजार रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, यह पुराना आवास परिसर पहले ही कंडम घोषित किया जा चुका है और यहां कोई आवाजाही नहीं होती, जिसका फायदा उठाकर जुआरियों ने इसे अड्डा बना लिया था।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

