भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा दे रहे हैं। स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारतीयों का संकल्प और जीवन पद्धति है। रावत ने कहा कि स्वदेशी हमारी संस्कृति और आत्मा का अभिन्न हिस्सा है। जब भारत आत्मनिर्भर होगा, तभी वह वास्तव में एक विकसित राष्ट्र बन सकेगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ का आह्वान किया है। यह अभियान न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम है। इस मौके पर स्वदेशी अपनाने के लिए विशेष स्टिकर और लोगो का विमोचन भी किया गया।
उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद देश ने पश्चिमी मॉडल को अपनाया, जिसके कारण स्थानीय उद्योगों और कारीगरों को वह सम्मान नहीं मिल पाया जिसके वे हकदार थे। लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। 2014 से पहले भारत का रक्षा निर्यात केवल 600 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 23 हज़ार करोड़ रुपये से भी ज़्यादा हो चुका है। मोबाइल निर्माण में भारत आज विश्व में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है और 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है। ट्रैक्टर निर्माण में भारत पहले, बस निर्माण में दूसरे और ट्रक निर्माण में तीसरे स्थान पर है। रक्षा क्षेत्र में निर्यात में 13 गुना की वृद्धि हुई है। रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन सिर्फ “Make in India” तक सीमित नहीं है, बल्कि “Made by India, Made for the World” पर आधारित है।
उन्होंने लोकमान्य तिलक, अरबिंदो और महात्मा गांधी के योगदान को भी याद किया, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्वदेशी को एक जन आंदोलन का रूप दिया था। आज़ादी के बाद जब देश ने पश्चिमी अर्थव्यवस्था को अपनाया, तो स्थानीय उद्योग धीरे-धीरे कमजोर होते चले गए। वर्ष 1964 में श्री दत्तोपंत ठेंगड़ी ने स्वदेशी चेतना को फिर से जीवित किया और आर्थिक आत्मनिर्भरता को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों के ज़रिए स्वदेशी को नई दिशा दी है।
रावत ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 25 सितंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। अक्टूबर में महिला और युवा सम्मेलन आयोजित होंगे। नवंबर में व्यापारियों, लघु उद्योगों और प्रोफेशनल्स के सम्मेलन होंगे। इसी महीने स्वदेशी रील्स प्रतियोगिता, ऑनलाइन क्विज़, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के ज़रिए युवाओं को जोड़ा जाएगा, जबकि स्वदेशी मेले भी लगाए जाएंगे। दिसंबर में घर-घर संपर्क अभियान और आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।
रावत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मज़बूत करेंगे और हर घर में स्वदेशी का संदेश पहुंचाएंगे, ताकि भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार हो सके।
