Satna में State GST का छापा: स्टॉक सत्यापन न होने पर फर्म सीज, व्यापारियों में मचा हड़कंप

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्टेट जीएसटी ने कर चोरी के संदेह में बड़ी छापेमार कार्रवाई की है, जिससे सराफा बाजार में हड़कंप मच गया है।

State GST की टीम ने पन्नीलाल चौक स्थित श्रीकृष्ण ज्वेलर्स शोरूम और उसकी सहयोगी फर्म मां भगवती ज्वेलर्स पर एक साथ दबिश दी।

दोनों फर्म एक ही परिसर में संचालित हो रही थीं, जहां श्रीकृष्ण ज्वेलर्स के संचालक रोहित अग्रवाल हैं, जबकि दूसरी फर्म में उनकी पत्नी प्रोपराइटर बताई जा रही हैं।

जांच के दौरान दस्तावेजों और स्टॉक का सत्यापन नहीं हो पाने के कारण देर रात दोनों शोरूम को सीज कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार चालू वित्त वर्ष में जमा किए गए रिटर्न में करीब 5 से 6 करोड़ रुपये की बिक्री दर्शाई गई है।

बताया जा रहा है कि टैक्स की राशि नकद जमा करने के बजाय अधिकांश भुगतान आईटीसी यानी इनपुट टैक्स क्रेडिट से सेटलमेंट के जरिए किया गया।

यह कार्रवाई बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शुरू हुई थी, जो देर रात तक चली और गुरुवार को फिर से जांच प्रक्रिया जारी रहने की बात कही गई है।

जांच के दौरान अधिकारियों की एक टीम रोहित अग्रवाल के टिकुरिया टोला स्थित निवास पर भी पहुंची, हालांकि कुछ घंटों बाद टीम वहां से लौट आई।

यह पूरी कार्रवाई स्टेट जीएसटी सतना संभाग के ज्वाइंट कमिश्नर उमेश तिवारी के निर्देश पर की गई, जिसमें सर्किल एक की असिस्टेंट कमिश्नर मनोरमा तिवारी, अमित सिंह पटेल, प्रियंका सोहगौरा, मृत्युंजय तिवारी समेत 20 से अधिक अधिकारी शामिल रहे।

जानकारी के मुताबिक, जिले में 1 दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच महज 37 दिनों में 5 ज्वेलरी शोरूम पर स्टेट जीएसटी की कार्रवाई हो चुकी है।

इन सभी मामलों में जांच पूरी होने के बाद शोरूम संचालकों ने अर्थदंड सहित करीब 1.45 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि जमा कराई है।

सूत्रों का कहना है कि ज्वेलरी पर 3 प्रतिशत जीएसटी लागू है, लेकिन कई व्यापारी इस टैक्स को सीधे जमा करने के बजाय आईटीसी के माध्यम से समायोजित कर रहे थे, जिसे लेकर विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *