बछरावां कस्बे में होली के जश्न के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी और खुशियों का माहौल देखते ही देखते अफरा-तफरी में बदल गया। डीजे की धुन पर नाचते-गाते युवकों के एक समूह पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने अचानक ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला और पूरे इलाके में भगदड़ मच गई।
पथराव इतना भीषण था कि पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। एडिशनल एसपी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर एसडीएम गौतम सिंह और सीओ प्रदीप कुमार भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

