भोपाल। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। सीहोर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना भगवान शिव से कर दी, जिसके बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में हलचल मच गई।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने मंच से कहा कि जैसे भगवान शिव विष पीकर भी सृष्टि और धर्म की रक्षा करते हैं, वैसे ही संघ भी राष्ट्र की रक्षा में लगा हुआ है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ लोग इसे संघ की प्रशंसा के रूप में देख रहे हैं, तो कुछ इसे भगवान शिव से की गई अनावश्यक और विवादित तुलना बता रहे हैं। इससे पहले भी पंडित प्रदीप मिश्रा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। फिलहाल इस बयान पर न तो प्रदीप मिश्रा और न ही RSS की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
इस बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉक्टर विक्रम चौधरी ने आरोप लगाया कि कथित कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा अकूत धन संपदा को बचाने के लिए सत्ता की चाटुकारिता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यास पीठ पर बैठकर महादेव की तुलना किसी संगठन या नेता से करना भक्ति नहीं, बल्कि सत्ता की चापलूसी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदीप मिश्रा ने धर्म को धंधा बना लिया है, प्लास्टिक के रुद्राक्ष बेचकर अकूत संपत्ति खड़ी की है और अब अपने बिजनेस को बचाने के लिए ऐसे घोर निंदनीय बयान दे रहे हैं।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि यह व्यक्ति अब कथावाचक नहीं रहा। कालों के काल महाकाल की तुलना किसी से करना घोर पाप है। आप अपनी संपत्ति बचाएं, लेकिन हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ न करें। यह सीधे तौर पर धर्म की क्षति है। कांग्रेस ने चेतावनी देते हुए कहा कि हो सकता है सरकार आपको छोड़ दे, लेकिन महाकाल के काल से कोई नहीं बच सकता।

