खंडवा। महाराष्ट्र के रहने वाले 25 वर्षीय युवक ने खंडवा में अपने रिश्तेदारों के यहां जहर पीकर जान दे दी। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने सुसाइड की वजह युवक की मानसिक बीमारी बताई है। मृतक का कहना था कि उसके सपनों में तीन से चार महिलाएं आती थीं और उसे लगातार परेशान करती थीं, जिससे उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ती चली गई।
मृतक रामदास पिता रामलाल को खालवा से खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया था। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के अमरावती जिले के धारणी तहसील के सोनाभाटी गांव का रहने वाला था और इन दिनों खालवा क्षेत्र के अंबापाट में अपनी बुआ और मामा के यहां रह रहा था। बुधवार को वह खेत पर मवेशी चराने गया था, जहां उसने कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर उसे खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया।
मृतक के भाई प्रकाश ने बताया कि जहर पीने की सूचना मिलते ही वे महाराष्ट्र से खंडवा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि दो दिन तक रामदास की हालत में सुधार दिखाई दे रहा था, लेकिन अचानक उसकी मौत हो गई। रामदास मानसिक रूप से बीमार रहता था और अक्सर कहता था कि सपने में तीन-चार महिलाएं उसे परेशान करती हैं। इसी वजह से उसकी हालत पागलपन जैसी हो गई थी। परिवार वालों ने इसे बाहरी बाधा समझकर तांत्रिक से भी इलाज करवाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और आखिरकार यह दुखद घटना हो गई।

