सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नगर पालिक निगम ने संपत्ति कर के बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है और अब एक दर्जन से ज्यादा कंपनियों को नोटिस जारी कर 7 दिन के भीतर बकाया टैक्स जमा करने का अल्टीमेटम दे दिया गया है।
निगम के डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में कर जमा नहीं किया गया तो संबंधित कंपनियों और बकायादारों की चल और अचल संपत्ति की कुर्की कर वसूली की जाएगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
सिंगरौली में टैक्स वसूली अभियान तेज कर दिया गया है और कई बड़ी कंपनियां निगम के रडार पर आ गई हैं, जिनमें डीबीएल कंपनी निगाही, सिक्कल लॉजिस्टिक, पीसी पटेल, राम किपाल कंपनी, कन्द्रोई ट्रांसपोर्ट, विन्ध्या एग्रो इंडस्ट्री, लार्सन एंड टर्बो लिमिटेड, लोहिया एग्रो राइस मिल, रुद्राक्ष हाईटेक, विपिन कुमार जायसवाल, शिवा इंडस्ट्रीज, भारत पेट्रोलियम और डोजको इंडिया जैसी कंपनियां शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य बकायादारों में विन्ध्या मेटल्स, अब्दुल अहाद बाजार इंडिया, होटल सागर और सेंट जोसेफ स्कूल जैसे नाम भी सामने आए हैं, जिन पर लाखों रुपये का टैक्स बकाया है।
नगर निगम की इस सख्ती के बाद साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब बकाया कर को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और समय पर भुगतान नहीं करने वालों पर सीधी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

