देर रात पार्टी के बाद छात्र की संदिग्ध मौत, दो दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 24 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक देर रात दोस्तों के साथ पार्टी में भोजन करने के बाद बाहर निकला था। मृतक छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और हैरानी की बात यह है कि मौत से महज दो दिन पहले ही उसका जन्मदिन था।

यह घटना शुक्रवार देर रात कोलार थाना क्षेत्र की है। मृतक छात्र की पहचान ईशान दुबे के रूप में हुई है, जो नेहरू नगर में रहता था। जानकारी के मुताबिक ईशान अपने दोस्तों के साथ कोलार इलाके में एक पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी के बाद जब वह डी-मार्ट के पास कार में था, तभी अचानक उसे सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई।

तबीयत बिगड़ते ही ईशान ने अपने एक दोस्त को मदद के लिए भेजा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार और दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई।

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती तौर पर मौत की वजह कार्डियक अटैक मानी जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *