खंडवा। मध्य प्रदेश के 88 ट्राइबल ब्लॉकों में अब छात्र छात्राओं के कॉलेज आने जाने के लिए दस दस बसें चलाई जाएंगी और यह पूरी सुविधा प्रदेश सरकार की ओर से दी जाएगी यह घोषणा खंडवा में जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. विजय शाह ने की।
मंत्री ने कहा कि अब छात्रावासों को धीरे धीरे बंद किया जाएगा और बच्चे सुबह आठ बजे घर से बस में बैठकर कॉलेज जाएंगे दोपहर का भोजन कराया जाएगा और शाम पांच बजे बस से सुरक्षित घर वापस पहुंचा दिया जाएगा आने जाने की सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी और भोजन का खर्च भी सरकार उठाएगी ताकि गरीब परिवारों पर बोझ न पड़े।
उन्होंने बताया कि उनकी हरसूद विधानसभा में करीब दस हजार बच्चे पढ़ते हैं और छात्रावासों पर होने वाला खर्च छात्र अधीक्षक और कर्मचारियों के वेतन सहित बहुत ज्यादा है इसलिए बस व्यवस्था से बच्चों को रोज कॉलेज लाकर शाम को घर भेजना ज्यादा उपयोगी और किफायती होगा इस पूरी योजना का प्रोजेक्ट तैयार कर मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपा गया है और आने वाले समय में 88 ट्राइबल ब्लॉकों में यह व्यवस्था लागू होती दिखाई देगी।
मंत्री विजय शाह ने यह भी कहा कि बच्चों को क्या सुविधाएं मिल रही हैं और योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं इसकी निगरानी के लिए जनजातीय विभाग का शालिनी ऐप बनाया गया है जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर देखा जा सकता है उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार गरीबों और आदिवासी समाज के हित में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने यह बातें खंडवा के माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित छात्रोत्सव कार्यक्रम पंख में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए विद्यार्थियों को संबोधित करते समय कहीं जहां बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे।

