चलती कार की छत पर स्टंट, वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन, युवक गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी भोपाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक खतरनाक स्टंट ने हड़कंप मचा दिया। चार इमली इलाके की व्यस्त सड़क पर एक युवक चलती कार की छत पर खड़ा होकर स्टंट करता नजर आया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया और देखते ही देखते यह क्लिप वायरल हो गई।

वीडियो सामने आते ही ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्रेष्ठ परमार को हिरासत में ले लिया। यह घटना हबीगंज थाना क्षेत्र की चार इमली सड़क की बताई जा रही है, जहां ट्रैफिक का दबाव हमेशा बना रहता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक पहले कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकलता है और फिर चलती गाड़ी की छत पर खड़ा होकर खतरनाक हरकतें करता है।

इस स्टंट से न सिर्फ उसकी अपनी जान जोखिम में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। उस पर लापरवाही से वाहन चलाने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए गए हैं।

स्टंट में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए जानलेवा स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *