देवास में नाबालिग छात्रा की आत्महत्या से हड़कंप, थाने के बाहर परिजनों और हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, लव जिहाद का आरोप

मध्य प्रदेश के देवास जिले के सतवास नगर में 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा की आत्महत्या के मामले ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। बुधवार को मृत छात्रा के परिजन और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सतवास थाने के बाहर इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा। बताया जा रहा है कि मृतिका कक्षा नौवीं की छात्रा थी, जिसने कुछ दिन पहले कथित तौर पर जहरीला पदार्थ का सेवन किया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि एक अन्य धर्म के युवक द्वारा छात्रा को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपों के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई थी, साथ ही शादी और धर्म परिवर्तन को लेकर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

हिंदू संगठनों ने इस पूरे मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए चक्का जाम भी किया गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई, हालांकि कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी और तहसीलदार के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

इस मामले पर एसडीओपी आदित्य तिवारी ने बताया कि फिलहाल प्रकरण की जांच मर्ग जांच प्रक्रिया के तहत की जा रही है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और अब तक ऐसे ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं, जिनसे लव जिहाद की पुष्टि हो सके। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग डायरी मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *