अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुंबई में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली और इसी के साथ वह महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गईं, बारामती से मुंबई पहुंचकर लोकभवन में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली, शनिवार दोपहर एनसीपी विधायक दल की बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया था और इसके बाद राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें शपथ दिलाई, गौरतलब है कि बीते 28 जनवरी को बारामती में हुए प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रहे अजित पवार का निधन हो गया था।
शपथ ग्रहण से पहले सुनेत्रा पवार ने देवगिरी बंगले स्थित आधिकारिक आवास पर पहुंचकर अपने दिवंगत पति अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की, भावुक माहौल के बीच उन्होंने उन्हें याद किया और फिर शपथ समारोह के लिए लोकभवन रवाना हुईं।
इस शपथ ग्रहण समारोह में एनसीपी प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले मौजूद नहीं रहीं, हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कार्यक्रम में शामिल हुए और एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता भी लोकभवन पहुंचे।
सुप्रिया सुले के समारोह में शामिल न होने को लेकर बताया गया कि वह लोकसभा के बजट सत्र के चलते दिल्ली में मौजूद हैं, उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट सत्र में शामिल होना उनकी संसदीय जिम्मेदारी है और इसी वजह से वह शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हो सकीं।
शपथ लेने के साथ ही सुनेत्रा पवार ने इतिहास रच दिया है और महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने का गौरव हासिल किया है, राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को राज्य की राजनीति के लिए एक बड़े और अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

