Karwar Naval Base पहुंचे Sunny Deol, नौसेना के अधिकारियों संग ली सेल्फी, बॉर्डर 2 के प्रमोशन में दिखा देशभक्ति का जज्बा

एक्टर सनी देओल की अपकमिंग फिल्म बॉर्डर 2 इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में सनी देओल पूरी टीम के साथ गोवा स्थित कारवार नेवल बेस पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय नौसेना के जवानों का सम्मान किया और INS विक्रांत के पास आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान सनी देओल ने नौसेना के अधिकारियों के साथ सेल्फी भी क्लिक कराई, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

सनी देओल ने इस खास पल को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। सामने आई तस्वीर में सनी देओल हरे रंग की शर्ट, गहरे हरे पैंट और काली पगड़ी में नजर आ रहे हैं, जबकि पीछे समुद्र का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा है। तस्वीर में सनी देओल का अंदाज पूरी तरह देशभक्ति से भरा नजर आ रहा है।

इस फोटो को शेयर करते हुए सनी देओल ने कैप्शन में लिखा, “हिंदुस्तान मेरी जान… मेरी आन… मेरी शान… हिंदुस्तान।” इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “गर्व, सम्मान और वीरता।” सनी देओल का यह पोस्ट फैंस के बीच खूब पसंद किया जा रहा है।

फिल्म बॉर्डर 2 में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का सीक्वल है, जिसने देशभक्ति सिनेमा की एक अलग पहचान बनाई थी।

बॉर्डर 2 का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है और इसे गुलशन कुमार की टी-सीरीज ने जेपी दत्ता की जेपी फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसे लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *