स्वामी विवेकानंद जयंती ‘युवा दिवस’ पर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम, सीएम मोहन बोले योग और सूर्य नमस्कार हमारी सनातन परंपरा, युवा हताशा से नहीं खुद को आशा से भरें

भोपाल। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर युवा दिवस पर शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय शिवाजी नगर में सामूहिक योग और सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ योग और सूर्य नमस्कार किया। इस मौके पर मंत्री कृष्णा गौर, मंत्री राकेश सिंह और महापौर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। युवा दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के स्कूलों में एक साथ सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया, वहीं सुबह साढ़े नौ से सवा दस बजे तक वंदे मातरम्, स्वामी विवेकानंद का ऑडियो संदेश और मुख्यमंत्री का संबोधन प्रसारित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग और सूर्य नमस्कार हमारी सनातन परंपरा हैं और किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत सूर्य नमस्कार से की जाती है। योग केवल साधना नहीं बल्कि उत्कृष्टता की ओर ले जाने वाला मार्ग है। उन्होंने स्वदेशी को बढ़ावा देने, बच्चों को पढ़ाई के साथ दूसरी किताबें पढ़ने, पोषणयुक्त भोजन करने, जंक फूड और नशे से दूर रहने की अपील की। सीएम ने कहा कि रोज कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें और किसी एक खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा जरूर बनाएं।

सीएम मोहन ने युवाओं से कहा कि अपनी भावनाएं परिवार और दोस्तों से साझा करें और हताशा से नहीं बल्कि खुद को आशा से भरें। जीवन का प्रत्येक पल आनंद और प्रकृति के लिए जिएं। उन्होंने कहा कि हम सोमनाथ मंदिर पर गर्व करते हैं और हजार साल पहले जिन आक्रांताओं ने इसे मिटाने की कोशिश की थी, आज वही इसका जवाब है। पूरी दुनिया ने राम मंदिर के भूमिपूजन और आयोजनों को देखा है, गर्व से कहो हम हिंदू हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति का परचम लहराया और वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को प्रकट किया। सूर्य नमस्कार का अपना विशेष महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज स्वामी विवेकानंद जयंती नए स्वरूप में मनाई जा रही है और सनातन संस्कृति के साथ देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा है और इस अवसर पर देशभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *