टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद आधी रात हनुमान मंदिर पहुंचे सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर, ट्रॉफी के साथ संकटमोचन के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया और पहली बार अपने ही घर में विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को खेले गए इस फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के साथ ही पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया। सड़कों पर लोग तिरंगा लेकर नाचते नजर आए, आतिशबाजी हुई और देशभर में दिवाली जैसा उत्सव देखने को मिला।

इसी ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम के हेड कोच गौतम गंभीर आधी रात को टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन कर टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान आईसीसी के चेयरमैन जय शाह भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंदिर परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ट्रॉफी के साथ मंदिर में पहुंचे और बजरंग बली के सामने माथा टेककर जीत के लिए आभार व्यक्त किया।

इस बीच टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी जवाबदेही सोशल मीडिया के लोगों के प्रति नहीं बल्कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ के प्रति है। उन्होंने कहा कि एक कोच टीम से बनता है और खिलाड़ियों ने ही उन्हें वह कोच बनाया है जो वे आज हैं।

गौतम गंभीर ने भारत की इस ऐतिहासिक जीत को पूर्व कोच राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करते हुए कहा कि राहुल द्रविड़ ने भारतीय टीम को इस मुकाम तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई, जबकि वीवीएस लक्ष्मण ने क्रिकेट की नई पीढ़ी तैयार करने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मजबूत पाइपलाइन बनाई है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने एक बार फिर दुनिया को दिखा दिया कि भारतीय क्रिकेट नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *