गो हत्या के मुद्दे को लेकर एक बार फिर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आवाज बुलंद की है, बरेली पहुंचे स्वामी ने प्रेसवार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्ताक्षर से प्रदेश में बूचड़खाने चल रहे हैं, जबकि इन्हें बंद करने की बात कही गई थी, उन्होंने इस पर गंभीर सवाल उठाए।
स्वामी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि वे एक मई से प्रदेश की सभी विधानसभाओं का दौरा करेंगे और लोगों को जागरूक करेंगे कि वे ऐसी सरकार चुनें जो गो हत्या पर पूरी तरह रोक लगा सके, उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे गौ रक्षा को प्राथमिकता देने वाली सरकार का समर्थन करें।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में खुलेआम गो मांस की बिक्री हो रही है, जो उत्तर प्रदेश के लिए शर्मनाक स्थिति है, संत समाज का काम लोक कल्याण करना है, राजनीति में आना नहीं, लेकिन समाज को सही दिशा दिखाना उनका कर्तव्य है।
स्वामी ने आगे कहा कि धर्म और राजनीति की शपथ अलग-अलग होती है और एक संन्यासी किसी सरकार का हिस्सा नहीं बन सकता, आने वाले चुनाव को लेकर उन्होंने साफ कहा कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों को ऐसी सरकार चुननी चाहिए जो गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करे।

