TCS महिला कर्मचारी की पहले की रेकी, फिर घर में टीवी की आवाज तेज कर गला दबाकर हत्या, वजह जानकर चौंक जाएंगे

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां टीसीएस में काम करने वाली महिला कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले महिला की पूरी रेकी की, फिर उसके घर में घुसकर उसे बंधक बनाया और टीवी की आवाज तेज कर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र की है।

डीसीपी राजेश व्यास के अनुसार 40 वर्षीय गायत्री धीमान गंगा धाम कॉलोनी में रहती थीं। जब गायत्री ऑफिस नहीं पहुंचीं और संपर्क नहीं हो सका तो उनके साथ काम करने वाले कर्मचारी सबसे पहले उनके घर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर वे सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था, हाथ-पैर बंधे हुए थे और गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। घर के अंदर टीवी की आवाज बहुत तेज थी, जिससे साफ हो गया कि शोर दबाने के लिए जानबूझकर आवाज बढ़ाई गई थी ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके से अहम सबूत जुटाए और जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस को कॉलोनी में ही रहने वाले अमित मौर्य और सुमित मौर्य पर शक हुआ। सूचना के आधार पर जब पुलिस ने दोनों का पीछा किया तो वे ऑटो रिक्शा से भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान रिक्शा पलट गया और पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनका तीसरा साथी मीना नगर निवासी अमित राव फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि मृतक महिला इलाके के कुछ लोगों को ब्याज पर पैसा देती थी। इसी लालच में आरोपियों ने उसके आने-जाने की निगरानी की और घर की रेकी की। वारदात की रात जब आरोपी घर में घुसे तो खटपट की आवाज से महिला जाग गई, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। किसी को भनक न लगे, इसलिए टीवी की आवाज तेज कर दी गई थी।

हत्या के बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। उसके पकड़े जाने के बाद यह भी साफ हो सकेगा कि आरोपियों ने महिला के घर से कितनी नकदी और सामान चोरी किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही पूरा खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *