शिक्षक से 5 हजार रिश्वत की मांग: नहीं देने पर निलंबन की धमकी, BEO के बाबू के खिलाफ शिकायत, तहसीलदार ने दिए जांच के आदेश

आष्टा(सीहोर)। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा स्थित बीईओ कार्यालय से रिश्वतखोरी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक बाबू पर शिक्षक से मेडिकल बिल पर हस्ताक्षर के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।

शासकीय प्राथमिक शिक्षक तेज सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि 6 जनवरी को वे अपने पारिवारिक मेडिकल बिल के भुगतान के लिए बीईओ कार्यालय पहुंचे थे, इसी दौरान बाबू ने हस्ताक्षर करने के बदले पैसों की मांग की और रकम न देने पर निलंबन की धमकी भी दी गई।

शिक्षक का कहना है कि शिकायत करने के बाद बीईओ द्वारा बाबू का समर्थन किया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हो गए।

पीड़ित शिक्षक ने पूरे मामले की लिखित शिकायत एसडीएम आष्टा को सौंपी है और निष्पक्ष जांच के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामला सामने आने के बाद तहसीलदार रामलाल पगारे ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *