बाबा महाकाल की शरण में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

 उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर आज सुबह भक्ति और आस्था में डूबे नजर आए, जब वे बल्लेबाजी कोच शीतांशु कोटक के साथ उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे। ब्रह्म मुहूर्त में आयोजित बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती में शामिल होकर दोनों कोचों ने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भगवान महाकाल की आराधना और ध्यान किया। इस दौरान चांदी द्वार से पूजन-अर्चन किया गया और जलाभिषेक कर बाबा से आशीर्वाद लिया गया। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने गौतम गंभीर का स्वागत किया और उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट किया।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में गौतम गंभीर ने अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा महाकाल ने ही उन्हें बुलाया, तभी उन्हें यहां दर्शन का सौभाग्य मिला। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि दर्शन बेहद शांतिपूर्ण तरीके से हुए और उन्हें पूरा विश्वास है कि बाबा उन्हें फिर से दर्शन के लिए बुलाएंगे और वे जल्द ही दोबारा यहां आएंगे।

यह दौरा क्रिकेट प्रेमियों और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि गौतम गंभीर अक्सर बड़े मुकाबलों से पहले आध्यात्मिक स्थलों पर जाकर टीम और स्वयं के लिए आशीर्वाद लेते नजर आते हैं। गौरतलब है कि टीम इंडिया रविवार को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा वनडे मुकाबला खेलेगी, जहां भारतीय टीम सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इससे पहले राजकोट में टीम को हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में इस मुकाबले पर देशभर के क्रिकेट फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *