टीम इंडिया ने तीन बार बनाए 250 से ज्यादा रन, फिर भी नहीं टूटा 19 साल पुराना टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब खत्म हो चुका है, लेकिन इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के प्रदर्शन की चर्चा अब भी जारी है। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह बल्लेबाजी का तूफान खड़ा किया, उसने दुनिया भर के गेंदबाजों की नींद उड़ा दी। फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब की हैट्रिक लगाने वाली टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी, लेकिन इसके बावजूद एक ऐसा रिकॉर्ड है जो 19 साल बाद भी अटूट बना हुआ है।

इस बार टीम इंडिया ने ना सिर्फ तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता, बल्कि इतिहास में पहली बार अपने ही घर में विश्व चैंपियन बनने का गौरव भी हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजों ने कई बार 200 से ज्यादा रन बनाए और तीन मुकाबलों में तो 250 से भी ज्यादा का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

सुपर 8 के मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने 256 रन बनाए, सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन बनाए और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इतनी विस्फोटक बल्लेबाजी के बावजूद भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाला रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी।

दरअसल टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड आज भी 2007 से कायम है। यह कीर्तिमान श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ जोहान्सबर्ग में बनाया था, जब श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर 260 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। उस मुकाबले में केन्या की टीम सिर्फ 88 रन पर सिमट गई थी और उसके सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे।

उस ऐतिहासिक मैच में श्रीलंका के लिए सनथ जयसूर्या ने 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 88 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। वहीं कुमार संगाकारा ने 18 गेंदों में 30 रन और महेला जयवर्धने ने 27 गेंदों में 65 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। बाद में जेहान मुबारक ने भी 13 गेंदों में 46 रन ठोकते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। उस पारी के दौरान श्रीलंका ने कुल 30 चौके और 11 छक्के लगाए थे।

अगर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे बड़े स्कोर की सूची देखें तो पहले स्थान पर 260 रन के साथ श्रीलंका का नाम है। इसके बाद 256 रन के साथ भारत और जिम्बाब्वे का मुकाबला दूसरे नंबर पर आता है। तीसरे स्थान पर 255 रन के साथ भारत और न्यूजीलैंड का फाइनल मुकाबला है, जबकि चौथे नंबर पर वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे का 254 रन का स्कोर है। वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल में बना 253 रन का स्कोर भी इस सूची में शामिल है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने कुल 9 मुकाबले खेले और इनमें तीन बार 250 से ज्यादा रन बनाए। चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत 256 रन बनाकर इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन सिर्फ 5 रनों के अंतर से 19 साल पुराना यह रिकॉर्ड टूटने से बच गया।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2028 में कोई टीम इस 260 रन के रिकॉर्ड को तोड़ पाएगी या फिर यह कीर्तिमान आगे भी इसी तरह अटूट बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *