उज्जैन। टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले आस्था का रंग भी गहरा नजर आया जब उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजन और अभिषेक किया गया।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर के गर्भगृह में भगवान महाकाल का विधि विधान से पूजन किया गया और भारतीय टीम की विजय की कामना की गई। इस दौरान बाबा महाकाल के चरणों में खिलाड़ियों की तस्वीरें भी रखी गईं और पूरे श्रद्धा भाव से देश की जीत के लिए प्रार्थना की गई।
पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक किया और पाकिस्तान पर भारत की करारी जीत की कामना की। जैसे जैसे भारत-पाक मुकाबले का रोमांच बढ़ रहा है वैसे वैसे देशभर में मंदिरों में पूजा अर्चना का दौर भी तेज हो गया है लेकिन उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुआ यह विशेष अनुष्ठान खास चर्चा में है।
मंदिर परिसर में मंत्र जाप गूंजते रहे और हर श्रद्धालु की जुबान पर बस एक ही प्रार्थना थी कि मैदान पर भी आज तिरंगा लहराए और टीम इंडिया शानदार जीत दर्ज करे। अब सबकी नजरें इस महामुकाबले पर टिकी हैं जहां एक तरफ क्रिकेट का रोमांच होगा तो दूसरी तरफ करोड़ों देशवासियों की दुआएं।

