T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले टीम इंडिया की चिंता: 7 मैचों में सिर्फ 89 रन, क्या कप्तान सूर्यकुमार यादव इस स्टार खिलाड़ी को प्लेइंग-11 से करेंगे बाहर?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है और अब खिताब जीतने से बस एक कदम दूर है। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि टीम फाइनल में पहुंच गई है, लेकिन एक खिलाड़ी की खराब फॉर्म ने टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्यकुमार यादव की चिंता बढ़ा दी है।

दरअसल इस पूरे टूर्नामेंट में दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज माने जाने वाले अभिषेक शर्मा का बल्ला लगभग खामोश ही रहा है। 7 मैचों में उन्होंने केवल 89 रन बनाए हैं, जिससे टीम इंडिया की बल्लेबाजी पर असर पड़ा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से ही उनकी खराब फॉर्म जारी है और शुरुआती तीन मैचों में तो वह खाता भी नहीं खोल पाए थे।

जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों में 55 रनों की एक पारी को छोड़ दें तो बाकी मुकाबलों में अभिषेक पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 0, 0, 0, 15, 55, 10 और 9 रन ही बनाए हैं। ऐसे में जो खिलाड़ी टीम का बड़ा हथियार माना जा रहा था, वही अब टीम की कमजोर कड़ी बनता दिखाई दे रहा है।

एक तरफ संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज लगातार रन बना रहे हैं, वहीं अभिषेक का बार-बार फेल होना टीम मैनेजमेंट को नए विकल्पों पर सोचने के लिए मजबूर कर रहा है। यही वजह है कि फाइनल मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकते हैं।

अगर अभिषेक शर्मा को फाइनल से बाहर किया जाता है तो रिंकू सिंह को मौका मिल सकता है। ऐसी स्थिति में ईशान किशन और संजू सैमसन ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं, जबकि नंबर तीन पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी कर सकते हैं। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, फिर रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी मध्यक्रम को संभाल सकते हैं।

हालांकि अभिषेक शर्मा के टी20 करियर पर नजर डालें तो उनकी क्षमता पर किसी को शक नहीं है। भारत के लिए वह 45 टी20 इंटरनेशनल मैचों में करीब 33 की औसत और 188 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 1386 रन बना चुके हैं। उनके नाम 2 शतक और 9 अर्धशतक भी दर्ज हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कप्तान सूर्यकुमार यादव फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में अभिषेक पर भरोसा बनाए रखेंगे या फिर टीम के हित में कोई बड़ा फैसला लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *