ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले बागेश्वर धाम पहुंचीं टीम इंडिया की उभरती स्टार क्रिकेटर क्रांति गौड़, बालाजी का आशीर्वाद लिया, पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने शानदार प्रदर्शन के लिए दी शुभकामनाएं

छतरपुर। भारतीय महिला क्रिकेट जगत की उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ मंगलवार को अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दरबार में माथा टेककर देश और अपने करियर की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद क्रांति गौड़ ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, इस दौरान उन्होंने महाराज के साथ कुछ समय बिताया और आध्यात्मिक माहौल में शांति का अनुभव किया।

बागेश्वर धाम में प्रवास के दौरान क्रांति गौड़ ने यहां आयोजित होने जा रहे सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव की भी सराहना की और सामाजिक कार्यों को प्रेरणादायक बताया। वहीं पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने क्रांति के खेल और उनके अब तक के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने क्रांति गौड़ के साथ-साथ उनके मेंटॉर विनय चौरसिया की भी खुले दिल से सराहना की और कहा कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *