उत्तर प्रदेश के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना परिसर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक किशोरी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि किशोरी गुरुवार दोपहर शौच के लिए घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसकी बड़ी बहन को सूचना मिली कि वह खेत में जली हुई हालत में पड़ी है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि किशोरी गंभीर रूप से झुलसी हुई थी और उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पास पड़ी रजाई से किशोरी के शरीर को ढका और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल से पुलिस को एक पेट्रोल की बोतल भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि होश में आने पर किशोरी ने एक युवक का नाम लिया, जिस पर उसे जलाने का आरोप है।
इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस आरोपों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

