तेज प्रताप ने भी दी तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई, परिवार संग मनाया जश्न – बुलडोजर पर छाया सेलिब्रेशन का जलवा

पटना। बिहार की सियासत के सबसे चर्चित चेहरे, नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव आज 37 साल के हो गए। शनिवार की रात 12 बजे पटना स्थित अपने आवास पर उन्होंने परिवार के साथ जन्मदिन का जश्न मनाया। इस खास मौके पर उनकी पत्नी राजश्री यादव, बहन मीसा भारती, बहन रोहिणी आचार्य और बच्चे मौजूद रहे। परिवार के साथ केक काटते हुए तेजस्वी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छा गईं। पूरे माहौल में प्यार, हंसी और जश्न का रंग घुल गया।

तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने भी सोशल मीडिया पर अपने छोटे भाई को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा — “मेरा आशीर्वाद है कि वो आगे बढ़े और बिहार का नाम रोशन करे।” इस बीच, आरजेडी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पटना समेत कई जिलों में जमकर जश्न मनाया। कुछ जगहों पर समर्थक बुलडोजर पर चढ़कर “तेजस्वी जिंदाबाद” के नारे लगाते नजर आए। पूरा माहौल एक उत्सव में बदल गया।

तेजस्वी की बहनों ने भी अपने भाई को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भेजा। रोहिणी आचार्य ने लिखा — “उम्र कम, लेकिन इरादे मजबूत और नीयत साफ… बिहार के युवाओं की उम्मीद तेजस्वी।” वहीं मीसा भारती ने अपने संदेश में कहा — “ईमानदारी और मेहनत तुम्हें नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, तुम हमेशा स्वस्थ, खुश और सफल रहो।”

9 नवंबर 1989 को गोपालगंज में जन्मे तेजस्वी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के सबसे छोटे बेटे हैं। नौ भाई-बहनों में सबसे छोटे होने के कारण उन्हें हमेशा परिवार का सबसे ज्यादा दुलार मिला। पटना से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल आर.के. पुरम से शिक्षा प्राप्त की, लेकिन क्रिकेट के जुनून ने उन्हें पढ़ाई से ज्यादा मैदान की ओर खींचा। वे कुछ साल IPL टीम दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा भी रहे।

क्रिकेट से राजनीति की पिच तक पहुंचे तेजस्वी यादव आज बिहार के सबसे युवा और लोकप्रिय नेताओं में गिने जाते हैं। महागठबंधन ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है और युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रही है। परिवार का साथ, जनता का समर्थन और तेजस्वी की जिद – यही आज बिहार के नए बदलाव की पहचान बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *