पटना। बिहार चुनाव 2025 का माहौल गर्म है… और इसी बीच जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने ऐसा बयान दे दिया है जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। तेज प्रताप ने साफ कहा — “अगर हमारी सरकार बनी, तो बिहार को पलायन और बेरोजगारी से पूरी तरह आज़ाद कर दिया जाएगा।”
तेज प्रताप यादव ने कहा कि आज बिहार का सबसे बड़ा दर्द है नौजवानों का अपने घर से दूर जाना। लाखों युवक रोज़गार की तलाश में दिल्ली, मुंबई, पंजाब जैसे राज्यों में भटक रहे हैं। लेकिन अब ये हालात बदलेंगे। उन्होंने वादा किया — “हम ऐसी व्यवस्था बनाएंगे कि कोई भी युवा रोजगार के लिए बिहार छोड़कर बाहर न जाए। राज्य में ही हर घर के पास रोज़गार के मौके पैदा किए जाएंगे।”
तेज प्रताप ने दावा किया कि जनशक्ति जनता दल की सरकार आने पर स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और कृषि आधारित रोजगार मॉडल लागू किया जाएगा। गांव-गांव में छोटे उद्योग और रोजगार केंद्र खुलेंगे ताकि ग्रामीण इलाकों में भी युवाओं को काम मिल सके।
उन्होंने कहा — “हमारा लक्ष्य है एक आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान वाला बिहार। बिहार की मिट्टी में जो प्रतिभा है, उसे पहचान मिलनी चाहिए। अब बिहार के युवा अपने ही राज्य में गर्व से काम करेंगे। जनशक्ति जनता दल किसानों, युवाओं और गरीबों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है।”
तेज प्रताप यादव ने आगे कहा — “हम नारे नहीं, काम से राजनीति करेंगे। बिहार से बेरोजगारी और भ्रष्टाचार दोनों पर बुलडोजर चलेगा। हर जिले में औद्योगिक क्षेत्र, शिक्षा केंद्र और मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं विकसित की जाएंगी।”
उन्होंने वादा किया कि सरकारी नौकरियों की भर्ती पारदर्शी और निष्पक्ष होगी, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाएगी। तेज प्रताप ने कहा — “बिहार को आगे बढ़ाना है, तो हर वर्ग को साथ लेकर चलना होगा — किसान, मजदूर, छात्र, सभी।”
वीडियो के अंत में उन्होंने जनता से अपील की — “अब वक्त है बदलाव का। बिहार को नया नेतृत्व चाहिए, नई दिशा चाहिए। इस बार जनशक्ति जनता दल को मौका दीजिए। हम बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे, युवाओं के सपने साकार होंगे और पलायन सिर्फ इतिहास बन जाएगा।”
तेज प्रताप यादव का वादा — एक आत्मनिर्भर बिहार, एक नया बिहार!

