तेज प्रताप यादव ने अनोखे अंदाज में दी तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई, कहा— “मुझे खतरा है, ये लोग मरवा भी देंगे

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है और इसी दिन महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर जहां पूरा महागठबंधन उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है, वहीं पार्टी और परिवार दोनों से अलग हो चुके उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने भी अपने अलग अंदाज़ में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने पहले अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा— “मेरी सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि मुझे खतरा है, ये लोग मुझे मरवा भी देंगे… सब दुश्मन लगे हुए हैं।” उनके इस बयान से वहां मौजूद पत्रकार भी हैरान रह गए।

इसके बाद जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि आज आपके छोटे भाई तेजस्वी यादव का जन्मदिन है, तो तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए कहा— “तेजस्वी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं, उनका भविष्य उज्ज्वल हो, आशीर्वाद है।” उनके इस जवाब में भले ही मिठास थी, लेकिन साथ ही उनके हालिया बयानों की तरह एक गहराई और दूरी भी झलक रही थी।

तेज प्रताप यादव इन दिनों अपने नए राजनीतिक सफर में व्यस्त हैं। राजद से अलग होकर उन्होंने ‘जनशक्ति जनता दल’ नाम की पार्टी बनाई है और इस बार महुआ विधानसभा सीट से अपने नए ‘ब्लैक बोर्ड’ चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने उन्हें ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा दी है। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, अब उनकी सुरक्षा में सीआरपीएफ के 11 कमांडो 24 घंटे तैनात रहेंगे।

सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट में कहा गया था कि चुनावी दौर और नई पार्टी के गठन के बाद तेज प्रताप को संभावित खतरा है। इसी के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से उनकी सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया।

तेज प्रताप यादव का यह बयान और उनका तेजस्वी के लिए दिया गया यह अनोखा बधाई संदेश बिहार की सियासी गलियों में चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ भाई के लिए शुभकामनाएं, तो दूसरी तरफ खुद की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल — इस सबके बीच तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *