50 लाख का बीमा और 5 लाख की मदद’, चुनाव से पहले तेजस्वी का एक और बड़ा वादा, बीजेपी पर बोला हमला, कहा- जानबूझकर नहीं लगने दिए कारखाने

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच सियासी माहौल लगातार गरम होता जा रहा है। सभी पार्टियां रैलियों और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जनता को अपने एजेंडे से जोड़ रही हैं। इसी क्रम में महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और RJD नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बड़ा वादा किया। उनके साथ महागठबंधन में डिप्टी सीएम पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी भी मौजूद थे।

तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि महागठबंधन सत्ता में आता है, तो पंचायत प्रतिनिधियों को पेंशन दी जाएगी और 50 लाख रुपये का बीमा कवर भी मिलेगा। उन्होंने बिहार में उद्योग धंधे न लगने पर बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा, कहा कि जानबूझकर बड़े कारखाने नहीं लगने दिए गए और उद्योग गुजरात चले गए, जबकि बिहार को सिर्फ धोखा और ठेंगा मिला।

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए तेजस्वी ने बताया कि पिछले 17 महीनों में बहुत काम हुआ था और अगर “चाचा जी” पलटे नहीं होते, तो और भी विकास होता। उन्होंने महागठबंधन और कांग्रेस पर भी कहा कि वे साथ प्रचार कर रहे हैं और जल्द राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ भी प्रचार शुरू होगा। तेजस्वी ने यह भी बताया कि बिहार की जनता ने पिछली सरकार को 20 साल दिए और अब महागठबंधन केवल 20 महीने मांग रहा है।

तेजस्वी यादव ने अपने वादों में यह भी शामिल किया कि सरकार बनने पर पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा, और सोनार, नाई, लोहार और बढ़ई पेशे से जुड़े लोगों को स्वरोजगार के लिए एकमुश्त 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।

बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव इन दिनों महागठबंधन के नेताओं के साथ लगातार रैलियां कर रहे हैं और कई बड़े वादे और घोषणाएं कर जनता को अपना समर्थन दिलाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *