“तेजस्वी यादव का हमला — गरीब पर चलता है शराबबंदी का कानून, बड़े लोग पार्टी में बैठकर पीते हैं शराब!”

बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, सियासत का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। सोमवार को भोजपुर जिले के आरा, बड़हरा और संदेश में जनसभाओं को संबोधित करते हुए राजद नेता और महागठबंधन के स्टार प्रचारक तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार की शराबबंदी सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है। आज हालात ऐसे हैं कि घर-घर शराब पहुंच रही है, सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और पुलिस मिलीभगत से पूरी सप्लाई चेन चल रही है।

तेजस्वी ने कहा कि शराबबंदी का कानून केवल गरीबों पर चलता है, जबकि बड़े लोग पार्टी में बैठकर खुलेआम शराब पीते हैं और प्रशासन आंख बंद कर लेता है। उन्होंने भीड़ से सवाल किया — क्या यह दोहरा चरित्र अब और सहा जाएगा? भीड़ ने ज़ोरदार आवाज़ में जवाब दिया — “नहीं!” तेजस्वी बोले, “अब जनता सब समझ चुकी है, अब वो ठगेगी नहीं।”

उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता सिर्फ महागठबंधन के खिलाफ ज़हर उगलने में व्यस्त हैं, जबकि बिहार की जनता असली मुद्दों से जूझ रही है। नौजवान बेरोज़गारी से परेशान हैं, किसान अपनी लागत निकालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, स्कूलों और अस्पतालों की हालत खराब है, डॉक्टर नहीं हैं, और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। लेकिन इन मुद्दों पर एनडीए पूरी तरह चुप है।

तेजस्वी ने कहा कि यह चुनाव झूठे वादों बनाम सच्चे विकास का है। अब वक्त आ गया है कि जनता रोजगार, शिक्षा और न्याय के लिए वोट करे — न कि जुमलों और प्रचार के लिए। उन्होंने कहा कि आरा से क्यामुद्दीन अंसारी, बड़हरा से रामबाबू सिंह और संदेश से दीपू सिंह महागठबंधन के सच्चे सिपाही हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के साथ संघर्ष किया है। अब जनता को भी इनके संघर्ष का साथ देना होगा ताकि बिहार में नई सुबह आ सके।

सभा के दौरान भोजपुर के पूर्व मेयर अवधेश यादव ने तेजस्वी यादव के हाथों राजद की सदस्यता ली और लालटेन का दामन थाम लिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने जयकारे लगाए, फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंत में भोजपुरी गायक छोटू छलिया ने मंच संभाला और महागठबंधन के समर्थन में जोशीले गीत गाकर माहौल में नई ऊर्जा भर दी। जनसभा झूम उठी, झंडे लहरने लगे, और भीड़ एक स्वर में पुकार उठी — “बदलाव का वक्त आ गया है, अबकी बार महागठबंधन की सरकार बनेगी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *