भोपाल। मध्य प्रदेश में आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के विवादित बयान का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब एक और आईएएस अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार यह वीडियो आईएएस मीनाक्षी सिंह का है, जिसमें वह लोगों से अपने बच्चों को जातिगत पहचान बताने की बात करती नजर आ रही हैं और सवर्ण समाज पर जातिवादी मानसिकता के आरोप लगा रही हैं।
यह वीडियो अजाक्स संगठन की उसी साधारण सभा का बताया जा रहा है, जहां पहले संतोष वर्मा का बयान विवादों में आया था। कार्यक्रम के दौरान आईएएस मीनाक्षी सिंह ने कहा कि अजाक्स को सिर्फ संगठन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज तक ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने की शुरुआत परिवार से होती है और अपने बच्चों को यह बताना जरूरी है कि हम आदिवासी हैं और हमारी जाति क्या है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में जातिगत पहचान और जातिवादी सोच एक बड़ी जरूरत बन गई है।
अपने भाषण में मीनाक्षी सिंह ने सवर्ण समाज पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि केवल सरनेम देखकर ही पक्षपात किया जाता है। उन्होंने इसे जातिवादी मानसिकता बताया और कहा कि हमें अपने समाज के लोगों को पहचानना चाहिए और एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए।
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद 23 नवंबर 2025 को तुलसीनगर स्थित अंबेडकर मैदान में आयोजित अजाक्स संगठन के प्रांतीय अधिवेशन से जुड़ा है। इसी कार्यक्रम में संतोष वर्मा ने ब्राह्मणों की बेटियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद प्रदेश भर में भारी विरोध देखने को मिला था। अब उसी मंच से जुड़े एक और आईएएस अधिकारी का वीडियो सामने आने से विवाद और गहरा गया है।

