भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को सार्वजनिक रूप से धन्यवाद कहकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज के राजनीतिक प्रतिशोध से भरे माहौल में किसी विरोधी नेता के बारे में ऐसा कहना आसान नहीं होता, इसके लिए साहस और खुले विचारों की जरूरत होती है, जो बहुत कम नेताओं में देखने को मिलती है।
दिग्विजय सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, बहुत-बहुत धन्यवाद “कलाकार” जी। आज के राजनीतिक प्रतिशोध के वातावरण में आपने जो मेरे बारे में कहा है, वह आम राजनेता कभी नहीं कह सकता। इसके लिए साहस चाहिए और केवल खुले विचारों वाला व्यक्ति ही ऐसा कह सकता है। काश आपकी और हमारी पार्टी में भी कुछ और लोग ऐसे होते। जय सिया राम।
दरअसल यह पूरा मामला विधानसभा में दिए गए एक बयान से शुरू हुआ, जहां एमपी सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और अर्जुन सिंह के कार्यकाल की खुलकर तारीफ की थी। विजयवर्गीय ने सदन में कहा था कि इंदौर में आईआईएम और आईआईटी की स्थापना, संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट, कोलार जल परियोजना जैसी बड़ी उपलब्धियां उन्हीं के कार्यकाल की देन हैं।
कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसी बयान के बाद दिग्विजय सिंह का यह धन्यवाद सामने आया है। अब इस सियासी शालीनता के पीछे क्या राजनीतिक संदेश छिपा है, इसे लेकर प्रदेश की राजनीति में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

