भोपाल। राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में 78वां आलमी तब्लीगी इज्तिमा शुक्रवार फजर की नमाज़ के बाद शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाला यह विश्वस्तरीय धार्मिक आयोजन 600 एकड़ के विशाल मैदान में किया जा रहा है, जहां करीब 12 लाख जायरीन के पहुंचने की संभावना है। दिल्ली धमाके के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख़्त कर दिया गया है, और पूरे इलाके में पुलिस, सुरक्षा बल और जांच टीमों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मुस्लिम समागम माना जाता है, जिसमें इस बार 19 देशों से आए जमाती शामिल हो रहे हैं। पूरे परिसर में एंबुलेंस, मेडिकल टीमें, सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी कॉरिडोर की व्यवस्था की गई है ताकि लाखों की भीड़ के बीच किसी भी स्थिति को तुरंत संभाला जा सके।
सुरक्षा के मद्देनज़र भोपाल में 17 नवंबर सुबह 4 बजे से भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही शहर के कई मार्गों में बदलाव किया गया है ताकि ट्रैफिक सुचारू रहे और जायरीन को किसी तरह की परेशानी न हो। इज्तिमा के पहले दिन से ही माहौल आस्था, शांति और अनुशासन से भरा दिखाई दे रहा है।

