उज्जैन के मालीपुरा में सजा 79वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, होलिका उत्सव पर झूम उठा शहर

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में होलिका उत्सव की पूर्व संध्या पर एक बार फिर काव्य रस की फुहारें बरसीं। मालीपुरा सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में 2 मार्च को होलिका उत्सव 2026 के अंतर्गत 79वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन मालीपुरा चौराहे पर भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह साहित्यिक परंपरा कई दशकों से निरंतर जारी है और हर वर्ष शहर को काव्यमय बना देती है।

समिति के संरक्षक सत्यनारायण चौहान, अध्यक्ष राकेश चौहान और सचिव मुकेश बारोट ने बताया कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर के ख्याति प्राप्त कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। मुंबई से हास्य-व्यंग्य कवि आशकरण अटल और सुनील व्यास, औरैया से वीर रस के कवि अजय अंजाम, इंदौर से गीतकार अमन अक्षर, भोपाल से गीत-गजल की प्रस्तुति देने वाली अनु सपन और बदनावर से हास्य कवि राकेश शर्मा ने अपने काव्यपाठ से हजारों श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनिल फिरोजिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने भी मंच से काव्य पाठ कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। सुगंधित फूलों से सजा मंच और सुसज्जित मालीपुरा चौराहा पूरे आयोजन को उत्सवमय बना रहा था। पुष्प सज्जा जानकीलाल गहलोत द्वारा की गई। सभी आमंत्रित कवियों का स्मृति चिह्न और पुष्पमाला से सम्मान किया गया। कार्यक्रम के सूत्रधार अशोक भाटी रहे, जबकि संचालन संजय देवधर और संदीप राजनोद ने किया।

होलिका की पूर्व संध्या पर सजे इस काव्य महाकुंभ ने उज्जैन की सांस्कृतिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *