जीतू पटवारी के बयान पर भड़की बीजेपी, बोली- क्या कांग्रेस अध्यक्ष कर रहे हैं न्यायालय की अवमानना? सियासत तेज

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उनके बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोलते हुए सवाल उठाया है कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष न्यायालय की अवमानना कर रहे हैं। इस मामले को लेकर बीजेपी नेताओं ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने अपने स्पष्ट निर्णय में यह कहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने चुनावी हलफनामे में आवश्यक जानकारियां और अपना आपराधिक रिकॉर्ड जानबूझकर छिपाया था, जिससे मतदाताओं को भ्रमित किया गया।

बीजेपी का कहना है कि माननीय न्यायालय का यह फैसला तथ्यों और प्रचलित कानूनों के आधार पर दिया गया है। ऐसे में इस मुद्दे पर जातिवाद का सहारा लेकर आरोप लगाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि यह देश की संवैधानिक व्यवस्था और न्याय प्रणाली का भी अपमान है।

बीजेपी नेताओं ने यह भी सवाल उठाया कि क्या जीतू पटवारी को देश की संवैधानिक व्यवस्था और न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है। उनका कहना है कि माफी मांगने के बजाय कांग्रेस इस मामले में उल्टा आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक मानसिकता को उजागर कर रही है।

बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से कांग्रेस की राजनीति का असली चाल, चरित्र और चेहरा सामने आ रहा है और पार्टी इस मुद्दे को जनता के सामने रखने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *