जबलपुर। नदी में डूबे दो छात्रों के मामले में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि छात्र का शव जमतरा घाट से बहते हुए गौरी घाट तक पहुंच गया था, जहां सर्च ऑपरेशन के दौरान उसे बाहर निकाला गया। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही है और दूसरे युवक की खोज अभी भी जारी है।
दरअसल यह घटना रविवार को गौर पुलिस चौकी क्षेत्र के जमतरा घाट की है, जहां सात दोस्त नहाने के लिए नदी पर पहुंचे थे। नहाते समय तीन साथी धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद एक इंजीनियरिंग छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए पहले दो साथियों को बचा लिया।
लेकिन जब वह तीसरे साथी को बचाने के लिए आगे बढ़ा तो तेज बहाव में खुद भी संतुलन खो बैठा और दोनों पानी में बह गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे और देर शाम से ही नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

