वाराणसी. देश की रेल यात्रा में आज एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से एक साथ 4 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट की ट्रेनें शामिल हैं।
इन ट्रेनों के शुभारंभ के साथ भारत की रेल व्यवस्था में आधुनिकता और गति का नया अध्याय जुड़ गया है। खासकर बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई रफ्तार देने वाली मानी जा रही है। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ते हुए यात्रियों को तेज़, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देगी।
इस नई वंदे भारत ट्रेन से मौजूदा ट्रेनों की तुलना में करीब दो घंटे चालीस मिनट का समय बचेगा। यानी यात्रियों को अब न सिर्फ सुविधाजनक बल्कि पहले से कहीं तेज़ यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही यह ट्रेन यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम पहुंच दिलाएगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि वंदे भारत सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की रफ्तार और आधुनिक भारत की पहचान है।

