चित्रकूट जिले में बड़ी संख्या में बंदरों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। भगवान हनुमान जी का स्वरूप माने जाने वाले बंदरों के इस तरह मृत मिलने से लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिल रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब आधा सैकड़ा बंदरों की मौत हुई है, जबकि पुलिस के अनुसार मृत बंदरों की संख्या दो दर्जन से अधिक बताई जा रही है। घटनास्थल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिससे मामला और भी चर्चा में आ गया है। वन विभाग ने सभी मृत बंदरों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर चौकी अंतर्गत कुशवाहा बस्ती का बताया जा रहा है, जहां बंदर मृत अवस्था में पड़े मिले थे। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वन विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटा हुआ है।

