SIR में 42 लाख वोटरों के नाम कटने से BJP में हलचल, दोनों डिप्टी CM समेत सभी मंत्रियों को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी

भोपाल। मध्य प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के तहत 42 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम कटने से भारतीय जनता पार्टी में हड़कंप मच गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी ने अब मोर्चा संभाल लिया है और दोनों डिप्टी मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों को सीधी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मंत्री अपने-अपने संभाग और जिलों में मतदाता सूची की समीक्षा करेंगे और विधायकों के साथ बैठक कर बूथ स्तर तक हालात का जायजा लेंगे।

एसआईआर के पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मतदाता सूची का प्रारूप सामने आया तो आंकड़े चौंकाने वाले थे। सूची के मुताबिक प्रदेश में 42 लाख 74 हजार 160 मतदाताओं के नाम कम हो गए हैं। 40 लाख से ज्यादा नाम कटने की जानकारी मिलते ही बीजेपी अलर्ट मोड में आ गई और पार्टी ने इसे लेकर खास रणनीति तैयार की है।

पार्टी ने मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे तेजी से समीक्षा कराएं और 10 जनवरी तक ज्यादा से ज्यादा नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अभियान चलाएं। इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर खास फोकस रहेगा और हर स्तर पर संगठन को सक्रिय किया जाएगा।

बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया में पार्टी निर्वाचन आयोग को पूरा सहयोग कर रही है। दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में लोगों की मदद की जा रही है ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।

निर्वाचन आयोग के अनुसार दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *