शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता ने उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला को सीधे घेर लिया। दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
दरअसल उप मुख्यमंत्री और शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर शहडोल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ब्यौहारी सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र पटेल ने डॉक्टरों की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और ग्रामीण इलाकों की अनदेखी का मुद्दा उठाया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि बराछ अस्पताल में डॉक्टरों की जगह कुत्ते रहते हैं, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।
कांग्रेस नेता के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भी पलटवार किया। उन्होंने पुष्पेंद्र पटेल से सवाल किया कि उप स्वास्थ्य केंद्र में कौन सा अधिकारी पदस्थ रहता है। इस पर कांग्रेस नेता स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए और सवाल को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की ओर टाल दिया। जवाब न मिलने पर डिप्टी सीएम ने उन्हें नसीहत दी कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें भी पूरी जानकारी रखनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और अधिकारियों को दवा वितरण सुचारू रखने, मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता के बीच हुई यह बहस अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, जिससे शहडोल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।

