भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित राजभोज हवाई अड्डे पर डेढ़ करोड़ रुपये की कीमती ज्वेलरी गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अमेरिका से भोपाल पहुंची एक महिला यात्री ने हीरे की चैन, अंगूठी और अन्य महंगे आभूषण चेक-इन बैग से गायब होने की शिकायत दर्ज कराई है।
महिला यात्री शालिनी बाफना का कहना है कि उन्होंने यह ज्वेलरी अपने चेक-इन बैग में रखी थी और भोपाल पहुंचने के बाद उसके गायब होने का पता चला, जिसके बाद उन्होंने भोपाल एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एयरलाइन इंडिगो को ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए CISF की टीम ने एयरपोर्ट परिसर के सभी सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की, वहीं बैगेज स्कैनिंग रिपोर्ट भी खंगाली गई, लेकिन जांच के दौरान बैग में ज्वेलरी से जुड़ा कोई पैकेट या संदिग्ध सामग्री नजर नहीं आई।
एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से महिला यात्री को स्पष्ट कर दिया गया है कि सीसीटीवी फुटेज और स्कैनिंग रिपोर्ट में ज्वेलरी गायब होने से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं।
बताया जा रहा है कि शालिनी बाफना अमेरिका से भोपाल आई थीं और यहां से उन्हें मुंबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट पकड़नी थी।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में किसी तरह की चोरी या लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि एयरलाइन इंडिगो और शिकायतकर्ता के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है और मामला अभी विचाराधीन है।

