जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब गोरा बाजार थाना क्षेत्र के पास सड़क किनारे एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिला, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही गोरा बाजार थाना पुलिस और मदन महल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विश्व हिंदू परिषद ने इस घटना को शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश बताते हुए कड़ा आक्रोश जताया और चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 के तहत केस दर्ज कर लिया है। बछड़े के कटे हुए सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

