नर्मदापुरम में युवक-युवती के शव मिलने से हड़कंप, ऑनर किलिंग, मर्डर या सुसाइड? जांच में जुटी पुलिस

 नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक और युवती के शव संदिग्ध हालत में मिले। दोनों की लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला ऑनर किलिंग, हत्या या आत्महत्या—इन तीनों एंगल के बीच उलझ गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के भटगांव की है, जहां सोमवार सुबह गांव के पास युवक और युवती के शव मिलने की खबर से अफरा-तफरी मच गई। दोनों की मौत गोली लगने से हुई है। मृतकों की पहचान गोरा गांव निवासी अरुण पुरवइया और भटगांव निवासी रिंकी पुरवइया के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही एसपी साईकृष्णा थोटा, एसडीओपी संजू चौहान और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस फिलहाल दो मुख्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। वहीं इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा कि दोनों की हत्या किसी तीसरे व्यक्ति ने की हो। एसपी साईकृष्णा थोटा ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है।

मौके से हथियार भी बरामद हुआ है और दोनों शवों पर बंदूक से गोली चलने के निशान मिले हैं। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *