खातेगांव (देवास) मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। निर्माणाधीन कॉलोनी के पास एक 15 वर्षीय किशोरी का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान निशा बारेला के रूप में हुई है, जो खरगोन जिले के निवासी कैलाश बारेला की बेटी बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक किशोरी का चेहरा, पेट, पीठ और हाथ बुरी तरह झुलसे हुए हैं, जिससे यह मामला सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत हो रहा है।
शव संदिग्ध हालात में निर्माणाधीन कॉलोनी के आसपास पड़ा मिला, जिसे देखकर आशंका जताई जा रही है कि किशोरी की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया गया। सूचना मिलते ही खातेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में भी शव की स्थिति सामान्य जलने से अलग बताई जा रही है, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा, लेकिन फिलहाल हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और खासकर किशोरियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

