Love के लिए Life का The End: प्रेमिका की शादी तय होने से आहत युवक ने लगाई फांसी, मोहब्बत बनी मौत की वजह

मुजफ्फरनगर. कहते हैं जब प्यार सिर चढ़कर बोलता है तो इंसान सही और गलत की हदें भूल जाता है, और कभी-कभी यही मोहब्बत जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका की शादी तय होने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मामला ककरौली क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले 30 वर्षीय अंकज का गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की चर्चा गांव में भी थी, लेकिन इसी बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। 22 फरवरी को युवती की शादी होनी थी। बताया जा रहा है कि इस बात से युवक गहरे सदमे में था और प्रेमिका से जुदाई का दर्द सहन नहीं कर पाया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब एक पड़ोसी ने अंकज को आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी ने कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां अंकज का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर वह सन्न रह गया और तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। एक बार फिर यह घटना सवाल छोड़ जाती है कि क्या प्यार में हार जाना जिंदगी हार जाने जैसा होता है, या फिर वक्त के साथ हर दर्द का इलाज मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *