बॉलीवुड अभिनेता Ranveer Singh की स्पाई-एक्शन ड्रामा फिल्म Dhurandhar 2: The Revenge का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। पहले पार्ट की शानदार सफलता के बाद अब मेकर्स ने इसके दूसरे भाग को और भी बड़े और ग्रैंड अंदाज में पेश करने की तैयारी की है। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
रणवीर सिंह ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया। ट्रेलर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि “मैंने कहा था ना, ये निजी मामला है… ट्रेलर अब रिलीज़ हो गया है। 18 मार्च को होने वाले प्रीव्यू के लिए अभी बुक करें।” इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यह फिल्म 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
इससे पहले रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर भी शेयर किया था, जिसमें वह हमजा के किरदार में बेहद इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे थे। उसी पोस्टर के जरिए यह घोषणा की गई थी कि फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च को सुबह 11 बजकर 1 मिनट पर रिलीज किया जाएगा। इस ऐलान के बाद से ही फैंस इस ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि निर्देशक Aditya Dhar की यह फिल्म अपने पहले पार्ट से कई गुना बड़ी और भव्य होने वाली है। फिल्म का रन टाइम करीब 3 घंटे 45 मिनट बताया जा रहा है, जो इसे एक बड़े एक्शन ड्रामा के रूप में पेश करेगा।
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा Arjun Rampal, Sanjay Dutt और R. Madhavan जैसे बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं Akshaye Khanna भी रहमान डकैत के किरदार में खास अंदाज में दिखाई दे सकते हैं।
खास बात यह है कि ट्रेलर रिलीज होने से पहले ही फिल्म की एडवांस वर्ल्डवाइड बुकिंग को शानदार रिस्पॉन्स मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिर्फ अमेरिका में ही फिल्म करीब 1 मिलियन डॉलर के आसपास की एडवांस बुकिंग कर चुकी है, जिससे साफ है कि दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

