खजुराहो। पर्यटन नगरी खजुराहो में स्थित भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन आने वाले प्राचीन शिवसागर तालाब में लंबे समय से एक मगरमच्छ देखे जाने की खबरें सामने आ रही थीं जिससे स्थानीय लोगों के साथ साथ देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों में भी डर का माहौल बन गया था।
लगातार उठ रही मांग और बढ़ती चिंता को देखते हुए जिला कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने 3 फरवरी को आयोजित महाशिवरात्रि मेला बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शिवरात्रि से पहले तालाब से मगरमच्छ को निकालकर किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके बाद वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग और जिला आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया और पूरी सतर्कता तथा कुशलता के साथ शिवसागर तालाब में मौजूद मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
शिवरात्रि महोत्सव के पहले की गई इस कार्रवाई से अब पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की तत्परता की सराहना की जा रही है।

