ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीते गुरुवार को हुए फैक्ट्री हादसे को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है जहां मेंटेनेंस कंपनी की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक सिथौली स्थित रेलवे स्प्रिंग कारखाने में मेंटेनेंस के दौरान एलपीजी लाइन का कॉक खुला छोड़ दिया गया था जिससे फैक्ट्री में चिंगारी लगते ही भीषण आग भड़क गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
इस हादसे में फैक्ट्री के पांच कर्मचारी 5 से 60 प्रतिशत तक झुलस गए जिनमें से दो को प्राथमिक इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है जबकि तीन कर्मचारियों का इलाज अभी जारी है।
रेलवे स्प्रिंग कारखाने के मुख्य कारखाना प्रबंधक शिवाजी शुतार ने पूरे मामले में जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और जांच में यह भी सामने आया है कि मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई थी जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

