UP Budget 2026-27. उत्तर प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश कर दिया है जो योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम और कुल मिलाकर दसवां बजट है। इस बार का बजट 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का रखा गया है और बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस वार्ता कर इसे बीते 9 वर्षों के नवनिर्माण की एक नई गाथा बताया।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश का बजट तीन गुना से भी अधिक बढ़ा है और यह बजट प्रदेश के विकास की नई तस्वीर देश के सामने रखता है। उन्होंने बताया कि सिटी इकोनॉमिक जोन, काशी–मीरजापुर इकोनॉमिक जोन, प्रयागराज–चित्रकूट इकोनॉमिक जोन और कानपुर–झांसी इकोनॉमिक जोन जैसे क्लस्टरों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रूल ऑफ लॉ ही वास्तविक विकास की गारंटी है और हर नागरिक सुरक्षा चाहता है जिसे आज उत्तर प्रदेश सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट पुलिसिंग और त्वरित न्याय व्यवस्था लागू की गई है जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ निवेशकों को भी सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल मिल रहा है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि पिछले 9 वर्षों में उनकी सरकार का यह दसवां बजट है और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में यह पहली बार हुआ है जब किसी सरकार को लगातार 10वां बजट पेश करने का अवसर मिला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन 9 वर्षों में सरकार ने जनता पर एक भी नया कर नहीं लगाया है और इसके बावजूद विकास की रफ्तार को लगातार आगे बढ़ाया गया है।

